स्विट्जरलैण्ड ब्रिटेन व अमेरिका की कार्यपालिका की तुलना

प्रश्न 10. "स्विस कार्यपालिका (संघीय सरकार) विश्व की संवैधानिक पद्धतियों में सर्वाधिक अनुपम है।" (सी. एफ. स्ट्रांग) व्याख्या कीजिए।

अथवा "स्विट्जरलैण्ड की संघीय कार्यपालिका संसदात्मक और अध्यक्षात्मक पद्धतियों का अनुपम समन्वय है।" विवेचना कीजिए।

अथवा "स्विट्जरलैण्ड की बहुल कार्यपालिका आधुनिक प्रजातन्त्र की एक अद्भुत संस्था है।" इस कथन की विवेचना कीजिए।

अथवा स्विस संघीय सरकार की प्रमुख विशेषताओं का वर्णन कीजिए तथा ब्रिटेन व अमेरिका की कार्यपालिका से इसकी तुलना कीजिए।

उत्तर-

स्विट्जरलैण्ड की कार्यपालिका को 'संघीय परिषद्' कहा जाता था। किन्तु वर्तमान संविधान में इसे 'संघोय सरकार' (Federal Government) का नाम दिया गया है। यह विश्व की शासकीय संस्थाओं में सबसे अनोखी है। यह न तो विशुद्ध रूप से ब्रिटिश मन्त्रिमण्डल के ही अनुरूप है और न अमेरिका की अध्यक्षात्मक कार्यपालिका के ही समान है, फिर भी इसमें दोनों के गुण और लक्षण विद्यमान हैं। इसकी विलक्षणताएँ निम्नलिखित हैं  -

स्विट्जरलैण्ड ब्रिटेन व अमेरिका की कार्यपालिका की तुलना

(1) बहुल कार्यपालिका  -

स्विट्जरलैण्ड की कार्यपालिका एक बहुल कार्यपालिका है। इसकी तुलना में ब्रिटेन, अमेरिका आदि देशों की कार्यपालिकाएँ एकल हैं। वहाँ कार्यपालिका सम्बन्धी अन्तिम उत्तरदायित्व एक ही व्यक्ति पर अर्थात् प्रधानमन्त्री या राष्ट्रपति पर होता है। इसके अतिरिक्त एकल कार्यपालिका वाले देशों में मन्त्रिमण्डल के सदस्यों में से किसी एक की स्थिति अन्य की तुलना में अधिक महत्त्वपूर्ण होती है। किन्तु स्विस संघीय सरकार इन सबसे अनूठी है, क्योंकि यहाँ कार्यपालिका शक्ति किसी एक व्यक्ति में निहित न होकर 7  व्यक्तियों के एक समूह में निहित होती है, जो सब समानपदी हैं । यहाँ तक कि संघीय सरकार का अध्यक्ष भी कोई विशेषाधिकार नहीं रखता।

(2) संसदात्मक और अध्यक्षात्मक शासन प्रणालियों का समन्वय  -

स्विस कार्यपालिका का दूसरा अनूठा लक्षण यह है कि यह न तो संसदात्मक है और न अध्यक्षात्मक, वरन् इसमें दोनों पद्धतियों की विशेषताओं का सम्मिश्रण है। इसमें दोनों पद्धतियों के गुणों को अपनाने और अवगुणों से बचने का प्रयत्न किया गया है। 

गार्नर के शब्दों में, "स्विस शासन व्यवस्था अपने आप में एक वर्ग है। यह संसदीय व अध्यक्षात्मक, दोनों प्रकार की शासन व्यवस्थाओं से मूलभूत रूप में भिन्न है, किन्तु इसमें इन दोनों व्यवस्थाओं के लक्षणों का समन्वय है।"

(3) उत्तरदायित्व व स्थायित्व का स्वस्थ मिश्रण  -

स्विट्जरलैण्ड की संघीय सरकार में उत्तरदायित्व व स्थायित्व का स्वस्थ संयोग है। संघीय सरकार संघीय संसद के निर्देशन और नियन्त्रण में कार्य करती है। लेकिन संघीय संसद संघीय सरकार को पदच्युत नहीं कर सकती और न ही संघीय संसद में अपना प्रस्ताव अस्वीकृत होने पर संघीय सरकार त्याग-पत्र देती है। इस बात को स्पष्ट करते हुए मुनरो ने लिखा है, "संघीय सरकार विधि-निर्माण में पूर्ण सक्रिय रूप से भाग ले, परन्तु यदि उसका सुझाव न माना जाए तो वह इसे अपमान न समझे, ऐसी आशा संघीय सरकार से की जाती है।

(4) विभिन्न दलों के प्रतिनिधि

स्विट्जरलैण्ड की संघीय सरकार में संघीय संसद में बहुमत प्राप्त राजनीतिक दल के सदस्य ही नहीं चुने जाते, वरन् इसमें विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व होता है। चुनाव के पश्चात् ये सदस्य दलीय आधार पर कार्य नहीं करते, वरन् उनका दृष्टिकोण राष्ट्रीय हित होता है। सदस्यों का चुनाव योग्यता के आधार पर होता है। इस प्रकार संघीय सरकार के सदस्य दलबन्दी की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित की साधना करते हैं।

(5) सामूहिक उत्तरदायित्व का अभाव

स्विस संघीय सरकार में सामूहिक उत्तरदायित्व का अभाव पाया जाता है। संघीय सरकार के सदस्य अपने-अपने विभागों के प्रति उत्तरदायी होते हैं। अतः सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रश्न ही नहीं उठता।

(6) विशेषज्ञों की परिषद्    -

स्विस संघीय सरकार की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह है कि उसके मन्त्रिगण अपने विभागों के विशेषज्ञ होते हैं। सदस्यों के पुनर्निर्वाचन पर प्रतिबन्ध न होने के कारण उन्हें लम्बे समय तक राजनीतिक अनुभव और प्रशासनिक योग्यता प्राप्त करने का अवसर मिलता है । स्विट्जरलैण्ड में ऐसे अनेक उदाहरण हैं कि संघीय सरकार के सदस्य 25 से 30 वर्ष तक पदासीन रहे हैं। स्वाभाविक है कि ऐसे सदस्य अपने विभागों के विशेषज्ञ बन जाते हैं। इसी कारण लॉवेल ने कहा है कि "स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार के सदस्य अपने-अपने विभागों के राजनीतिक अध्यक्ष और प्रमुख सचिव, दोनों होते हैं।"

स्विस संघीय सरकार की ब्रिटिश मन्त्रिपरिषद् से तुलना  -

समानताएँ-स्विस संघीय सरकार और ब्रिटिश मन्त्रिपरिषद् में निम्न समानताएँ पाई जाती हैं

(1) दोनों देशों में कार्यपालिका का व्यवस्थापिका से घनिष्ठ सम्बन्ध है।

(2) दोनों देशों में मन्त्रिगण व्यवस्थापिका के सदनों में वाद-विवाद में भाग लेते हैं तथा उसके प्रति उत्तरदायी होते हैं।

(3) दोनों देशों में मन्त्री प्रशासन में अपने-अपने विभागों के अध्यक्ष होते

(4) दोनों देशों में राज्य की नीति का निर्धारण सामूहिक रूप से किया जाता

असमानताएँ

(1) ब्रिटेन में मन्त्रिगण एक ही दल के सदस्य होते हैं। उनकी नियुक्ति राजा द्वारा प्रधानमन्त्री के परामर्श से की जाती है। किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार के सदस्यों का चुनाव संघीय संसद द्वारा होता है।

(2) कॉमन सभा ब्रिटिश मन्त्रिमण्डल को अविश्वास प्रस्ताव के द्वारा पदच्युत कर सकती है। इस प्रकार उसका कार्यकाल निश्चित नहीं है। किन्तु स्विट्जरलैण्ड की संघीय सरकार की अवधि 4 वर्ष निश्चित होती है। इससे पूर्व उसे अविश्वास प्रस्ताव के द्वारा नहीं हटाया जा सकता।

(3) ब्रिटेन में प्रधानमन्त्री शक्तिशाली होता है और मतभेद होने पर वह किसी मन्त्री का त्याग-पत्र माँग सकता है। किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार के सभी 7 सदस्यों की शक्ति समान होती है।

(4) ब्रिटेन में कॉमन सभा को प्रधानमन्त्री के परामर्श पर राजा द्वारा भंग किया जा सकता है, जबकि स्विट्जरलैण्ड में ऐसी व्यवस्था नहीं है।

(5) ब्रिटेन में कॉमन सभा अविश्वास प्रस्ताव के द्वारा मन्त्रिमण्डल को भंग कर सकती है, किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय संसद को यह अधिकार नहीं है।

(6) ब्रिटेन में व्यवहार में मन्त्रिमण्डल का अधिनायकवाद है, किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय संसद की प्रधानता है।

(7) ब्रिटेन में राष्ट्र की नीति मन्त्रिमण्डल द्वारा निर्धारित की जाती है, जबकि स्विट्जरलैण्ड में यह अधिकार संघीय संसद को प्राप्त है।

(8) ब्रिटेन में मन्त्रिमण्डल के सदस्य कॉमन सभा के सदस्य भी बने रहते हैं। किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार का सदस्य चुने जाने के बाद उन्हें संघीय संसद की सदस्यता छोड़नी पड़ती है।

(9) ब्रिटेन में मन्त्रिमण्डल के सदस्य मतदान में भाग लेते हैं, जबकि स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार के सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं दिया गया है।

स्विट्जरलैण्ड और अमेरिका की कार्यपालिका की तुलना  -

समानताएँ

(1) दोनों देशों में कार्यपालिका के सदस्य व्यवस्थापिका के सदस्य नहीं होते।

(2) दोनों देशों में कार्यपालिका की अवधि 4 वर्ष है।

(3) दोनों ही देशों में व्यवस्थापिका मन्त्रियों के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के द्वारा उन्हें पद से अलग नहीं कर सकती।

असमानताएँ

(1) अमेरिका में शासन का आधार शक्ति पृथक्करण का सिद्धान्त है। अतः कार्यपालिका और व्यवस्थापिका, दोनों स्वतन्त्र होती हैं। किन्तु स्विट्जरलैण्ड में ऐसा नहीं है।

(2) अमेरिका में राष्ट्रपति का निर्वाचन प्रत्यक्ष रूप से होता है, किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार के अध्यक्ष का निर्वाचन संघीय संसद के सदस्यों द्वारा होता है।

(3) स्विस संघीय सरकार के सदस्य संघीय संसद द्वारा चुने जाते हैं, किन्तु DEV अमेरिका में राष्ट्रपति स्वयं उनकी नियुक्ति करता है।

(4) अमेरिका में मन्त्री कानून-निर्माण में भाग नहीं लेते, जबकि स्विट्जरलैण्ड में सभी कानून उन्हीं के द्वारा प्रस्तुत किए जाते हैं।

(5) अमेरिका में राष्ट्रपति मन्त्रियों को उनके पद से हटा सकता है, किन्तु स्विट्जरलैण्ड में संघीय सरकार के अध्यक्ष को ऐसा अधिकार प्राप्त नहीं है।

स्विस संघीय सरकार की ब्रिटिश मन्त्रिमण्डल व अमेरिकी कार्यपालिका से समानताओं और असमानताओं के कारण लॉर्ड ब्राइस ने लिखा है "संघीय सरकार (कार्यपालिका) वैसी नहीं है, जैसी कि ब्रिटेन में या अन्य दूसरे देशों में है, जिन्होंने उसकी मन्त्रिमण्डलीय पद्धति को अपना लिया है, क्योंकि न तो यह व्यवस्थापिका का नेतृत्व करती है और न उसके द्वारा हटाई जा सकती है और न ही यह संयुक्त राज्य अमेरिका और दूसरे अन्य गणराज्यों की कार्यपालिकाओं के सदृश व्यवस्थापिका से स्वतन्त्र ही है।"

Comments

Important Question

मैकियावली अपने युग का शिशु - विवेचना

अमेरिकी राष्ट्रपति और ब्रिटिश प्रधानमन्त्री की तुलना

ऋणजल धनजल - सारांश

जवाहरलाल नेहरू के राजनीतिक विचार

पारिभाषिक शब्दावली का स्वरूप एवं महत्व

राजा राममोहन राय के राजनीतिक विचार

सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी पत्र में अन्तर

गोपालकृष्ण गोखले के राजनीतिक विचार

यूरोप का इतिहास - 1871 to 1950/ Part-3-Paper-2

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस - 1885 से 1905